हाईवे पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश:रूदौली पुलिस ने दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार किए, 70 हजार के जेवर बरामद

हाईवे पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश:रूदौली पुलिस ने दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार किए, 70 हजार के जेवर बरामद

अयोध्या के रूदौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाईवे पर राहगीरों, खासकर महिलाओं को निशाना बनाकर लूट और टप्पेबाजी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 70 हजार रुपये मूल्य के लूटे गए जेवरात बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एक विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने फरवरी 2026 में दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। 12 फरवरी को ग्राम कूढ़ासादात के पास महिलाओं से सोने की झुमकी, नाक का बुंदा, पाजेब और अन्य जेवर छीने गए थे। इसके बाद, 25 फरवरी को रहीमगंज धौरहरा के पास एक महिला से मंगलसूत्र, बाला, पायल और नाक का बुंदा लूट लिया गया था। दोनों घटनाओं के संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन वारदातों का खुलासा करने के लिए पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों का सहारा लिया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुफरान उर्फ मोनू और अक्लीम के रूप में हुई है, जो ग्राम भेलसर, थाना रूदौली के निवासी हैं। आरोपी गुफरान उर्फ मोनू का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, अक्लीम पर भी एनडीपीएस एक्ट समेत कई अन्य मामले दर्ज हैं। इस पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, उपनिरीक्षक युवराज सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *