वानखेड़े मैदान पर खेले गए मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में माहौल गरम होता दिखा। मैच के दौरान चेन्नई के हरफनमौला खिलाड़ी जेमी ओवरटन और मुंबई के बल्लेबाज तिलक वर्मा के बीच मैदान पर तीखी बहस हो गई। मौजूद जानकारी के अनुसार यह घटना मुंबई की पारी के दसवें ओवर की आखिरी गेंद पर हुई, जब तिलक वर्मा ने गेंद को हल्के से खेलकर रन लेने की कोशिश की थी।
गौरतलब है कि इस दौरान तिलक वर्मा ने दो रन लेने का इशारा किया, लेकिन दूसरे छोर पर खड़े सूर्यकुमार यादव ने मना कर दिया और उन्हें एक रन पर ही रुकना पड़ा। इसी बीच जेमी ओवरटन और तिलक वर्मा आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख सूर्यकुमार यादव भी इसमें शामिल हो गए और उन्होंने भी प्रतिक्रिया दी।
मौजूद जानकारी के अनुसार विवाद की वजह यह थी कि जब जेमी ओवरटन गेंद लेने आए तो वह तिलक वर्मा के रास्ते में आ गए, जिससे बल्लेबाज को देखने में दिक्कत हुई और वह नाराज हो गए। मैदान पर मौजूद अंपायरों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए खिलाड़ियों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।
हालांकि मैच खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच सब कुछ सामान्य नजर आया। परंपरागत हाथ मिलाने के दौरान तिलक वर्मा और जेमी ओवरटन ने एक-दूसरे को गले लगाकर विवाद खत्म कर दिया, जिससे खेल भावना की मिसाल भी देखने को मिली।
अगर मुकाबले की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। कप्तान संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 101 रन बनाए, जिसमें उन्होंने कई चौके और छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने निर्धारित ओवरों में 207 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम 104 रन पर सिमट गई। चेन्नई के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें अकील होसेन ने चार विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। गौर करने वाली बात यह है कि इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में ऊपर पहुंच गई है, जबकि मुंबई इंडियंस को नीचे खिसकना पड़ा है।


