हीट वेव का कहर: वाराणसी के सभी स्कूल 25 मई तक बंद, जारी हुआ आदेश, अवहेलना पर कार्रवाई तय

हीट वेव का कहर: वाराणसी के सभी स्कूल 25 मई तक बंद, जारी हुआ आदेश, अवहेलना पर कार्रवाई तय

वाराणसी: जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के कारण अब स्कूलों को बंद करने के लिए आदेश जारी हुआ है। बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय की तरफ से समस्त विद्यालयों को 19 से 25 मई तक बंद करने के लिए आदेश जारी हुआ है। इस दौरान आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई करने की भी बात कही गई है।

बीएसए ने जारी किया आदेश

बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने आदेश जारी कर बताया है कि जिले में अत्यधिक गर्मी और हीट वेव का प्रकोप बढ़ा हुआ है, जिसके कारण सभी तरह के विद्यालय 25 मई तक बंद रखे जाएं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया है कि इस दौरान विद्यालयों में किसी भी प्रकार की एक्टिविटी नहीं की जाएगी और यदि विद्यालय आदेश की अवहेलना करेंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सभी बोर्ड के विद्यालय रहेंगे बंद

बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर बताया है कि जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी एवं हीट वेव के कारण जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश के अनुसार वाराणसी जनपद के सभी परिषदीय विद्यालय, माध्यमिक शिक्षा के समस्त विद्यालय, सीबीएसई बोर्ड आईसीएसई बोर्ड और अन्य समस्त बोर्ड के विद्यालय 19 मई से 25 मई 2026 तक पूर्णतः बंद रहेंगे। उन्होंने बताया है कि इस अवधि में विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया है कि स्कूलों में चल रहे अन्य क्रियाकलाप भी इस दौरान स्थगित रहेंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को घरों से बाहर न निकलने दें। इसके साथ ही उन्होंने स्कूलों के लिए भी आदेश जारी करते हुए बताया है कि यदि इस अवधि में स्कूल खुलेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्कूलों को आदेश जारी करते हुए इसे कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है।

डॉक्टरों ने दी ये सलाह

दरअसल, वाराणसी में पिछले कई दिनों से गर्मी का प्रकोप पढ़ा हुआ है। इसके साथ ही गर्म हवाओं और लू से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि इस दौरान लोग अनावश्यक रूप से अपने घरों से बाहर न निकलें और यदि घर से बाहर निकलना हो तो शरीर में पानी की कमी न होने दें। इसके साथ ही डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग शीतल पेय पदार्थ का उपयोग करें, जिससे गर्मी और हीट वेव से बचाव हो सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *