सोनभद्र में मछली पकड़ने गए बच्चों की पीठ पर रखीं ईटें, हाथ में डंडा लेकर बोला- ‘अगर कोई भी हिला, तो बहुत मारूंगा’

सोनभद्र में मछली पकड़ने गए बच्चों की पीठ पर रखीं ईटें, हाथ में डंडा लेकर बोला- ‘अगर कोई भी हिला, तो बहुत मारूंगा’

Sonbhadra Viral News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां तालाब से मछली पकड़ने की कोशिश करने पर दो मासूम बच्चों को ऐसी सजा दी गई जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। एक दबंग ने न सिर्फ 12 और 13 साल के दो बच्चों को घंटों मुर्गा बनाए रखा, बल्कि उनकी मासूम पीठ पर भारी ईंटें भी रख दीं। हाथ में बांस की छड़ी वह आदमी बच्चों को हिलने पर पीटने की धमकी देता रहा।

तालाब पर मछली पकड़ रहे थे बच्चे

घटना घोरावल थाना क्षेत्र के बकौली गांव की है। सोमवार दोपहर दो बच्चे गांव के ही एक तालाब पर मछली पकड़ने गए थे। बताया जा रहा है कि तालाब का पट्टा बाबिल सोनकर नाम के व्यक्ति के पास है। जैसे ही बाबिल ने बच्चों को मछली पकड़ते देखा, वह गुस्सा हो गया। बच्चों ने उसे देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया।

पीठ पर ईटें रखकर डंडा लेकर खड़ा रहा दबंग

आरोपी ने बच्चों को सबक सिखाने के नाम पर क्रूरता की सारी हदें पार कर दी। उसने दोनों बच्चों को पेड़ के नीचे मुर्गा बना दिया। इसके बाद एक बच्चे की पीठ पर 4 ईटें और दूसरे की पीठ पर 2 ईटें रख दीं। करीब 20 मिनट तक बच्चे इसी हालत में दर्द से कराहते रहे। साथ ही आरोपी हाथ में छड़ी लेकर वहीं खड़ा रहा और धमकाता रहा कि ‘अगर कोई भी हिला, तो बहुत मारूंगा।’ इसी बीच वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

चाइल्ड लाइन की सतर्कता से हुई गिरफ्तारी

वीडियो वायरल होने के बाद मामला चाइल्ड हेल्पलाइन तक पहुंचा। विभाग ने तुरंत हरकत में आते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चों को उस दबंग के चंगुल से छुड़ाया और आरोपी बाबिल सोनकर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने तालाब पट्टे पर ले रखा है और इसी रंजिश में उसने बच्चों के साथ यह व्यवहार किया। किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य अमरेश पाठक ने कहा- बच्चों के साथ किसी भी तरह की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना एक गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *