गुलाब जामुन चीजकेक खाया है क्या आपने? संजीप कपूर की सुपरहिट डिश की रेसिपी

गुलाब जामुन चीजकेक खाया है क्या आपने? संजीप कपूर की सुपरहिट डिश की रेसिपी

Gulab Jamun Cheesecake Recipe: कुछ साल पहले जहां केक के ऑप्शंस काफी कम हुआ करते थे, वहीं आज के समय में एक से बढ़कर एक डिजाइन और फ्लेवर वाले केक बाजार में मिल रहे हैं। इन्हीं में से एक है गुलाब जामुन चीजकेक। यह कॉम्बिनेशन आजकल बहुत ट्रेंड में है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि जो केक आज पॉपुलर हो रहा है, उसे संजीव कपूर ने करीब 20 साल पहले ही बना लिया था।

हाल ही में एक पॉडकास्ट में जब संजीव कपूर से उनके हिट और फ्लॉप एक्सपेरिमेंट्स के बारे में पूछा गया, तो गुलाब जामुन चीजकेक का जिक्र कर उन्होंने बताया कि उनका यह केक लोगों के बीच जबरदस्त हिट रहा है। इस रेसिपी को उन्होंने सालों पहले जी टीवी के मशहूर शो खाना खजाना में शेयर किया था। आइए जानते हैं इस फेमस फ्यूजन केक को बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका।

जरूरी सामग्री (Ingredients for Gulab Jamun Cheesecake)

गुलाब जामुन चीजकेक बनाने के लिए आपको नीचे दी गई चीजों की जरूरत होगी-

  • छोटे गुलाब जामुन- 30
  • बिस्किट- 10
  • मक्खन- 2 बड़े चम्मच
  • शाकाहारी जेलाटीन (Carrageenan)- 1 बड़ा चम्मच
  • हंग कर्ड- 1 कप
  • कद्दूकस किया हुआ पनीर- 2 कप
  • कंडेंस्ड मिल्क- ½ कप

बेस तैयार करने का तरीका (How to Prepare the Cheesecake Base)

सबसे पहले एक बाउल में मक्खन लें और उसे माइक्रोवेव में एक मिनट के लिए पिघला लें। अब बिस्किट्स को मिक्सी में पीसकर उनका बारीक चूरा बना लें। इस चूरे में पिघला हुआ मक्खन डालें और अच्छी तरह मिला लें। अब एक स्प्रिंग बॉटम टिन यानी जिसका निचला हिस्सा अलग हो जाता हो लें और उसमें इस बिस्किट के मिक्चर को डालकर चम्मच या हाथों से दबाते हुए एक बराबर परत बना लें। इसे अच्छी तरह सेट होने के लिए थोड़ी देर फ्रिज में रख दें।

मिक्चर बनाना और लेयरिंग करना (Preparing the Filling and Layering)

एक बड़े बर्तन में कद्दूकस किया हुआ पनीर, हंग कर्ड और कंडेंस्ड मिल्क डालें। इसे तब तक अच्छी तरह फेंटें जब तक कि यह एकदम स्मूथ और क्रीमी न हो जाए। अब कैराजीनन यानी शाकाहारी जेलाटीन को थोड़े गुनगुने पानी में घोलें और इस क्रीम वाले मिक्चर में अच्छी तरह मिला दें।

इसके बाद फ्रिज से टिन निकालें। बिस्किट की लेयर के ऊपर पहले थोड़ी क्रीम डालें, फिर बीच-बीच में गुलाब जामुन को सेट कर दें। अब बाकी बचा हुआ क्रीम मिक्चर ऊपर से डालकर उसे बराबर कर लें ताकि गुलाब जामुन ठीक से ढक जाएं।

सेट करना और फिनिशिंग टच (Final Setting and Finishing Touch)

तैयार चीजकेक को सेट होने के लिए कम से कम 5 से 6 घंटे या पूरी रात के लिए फ्रिज में रख दें। जब चीजकेक पूरी तरह जम जाए, तो इसे सावधानी से टिन से बाहर निकालकर सर्व करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *