सहारनपुर के ढोलीखाल इलाके में बुधवार शाम हरियाणा पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। हरियाणा नंबर की एक संदिग्ध जेन कार के मामले में पुलिस टीम ने एक कबाड़ी की दुकान के बाहर गहन पूछताछ की। यह कार्रवाई यमुनानगर जिले के फर्कपुर थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे से जुड़ी है। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। हरियाणा पुलिस उसी कार की तलाश में सहारनपुर पहुंची थी, जिसे हादसे के बाद ढोलीखाल लाकर बेचने का प्रयास किया गया था। सूत्रों के अनुसार, कार मालिक ने वाहन का ऑनलाइन पंजीकरण रद्द करवा दिया था, जिसके बाद इसे यहां ठिकाने लगाने की योजना थी। इस मामले में कुछ स्थानीय लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिन पर कथित तौर पर वाहन खरीदने में शामिल होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि इन लोगों के खिलाफ पहले भी थाना कुतुबशेर और जनकपुरी में मामले दर्ज हैं। हरियाणा पुलिस की टीम स्थानीय पुलिस को सूचित किए बिना सीधे ढोलीखाल पहुंची। वहां एक कबाड़ी की दुकान पर छानबीन की गई। इसके बाद टीम ने जनता रोड और गागलहेड़ी में भी कई दुकानों पर पूछताछ और जांच की। हालांकि, पुलिस को कोई ठोस सबूत नहीं मिला और टीम वापस लौट गई। ढोलीखाल इलाका लंबे समय से चोरी के वाहनों के कटान के लिए कुख्यात रहा है। यहां सहारनपुर के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत जैसे जिलों से चोरी के वाहन लाकर कुछ ही घंटों में काट दिए जाते हैं। इस संवेदनशील स्थिति के बावजूद स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। हरियाणा पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर ढोलीखाल में चल रहे कथित अवैध कारोबार को उजागर किया है।


