राजस्थान के चुरू जिले में स्थित सालासर धाम मंदिर में हिसार के परिवार से मारपीट के मामले में कंट्रोवर्सी बढ़ती जा रही है। आज इस मामले में हिसार के पीएसडी संस्था पड़ाव चौक के प्रांगण में व्यापारी संगठनों ने पंचायत बुलाई है। वहीं यमुनानगर के BJP नेता जतिश शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर हिसार के परिवार का समर्थन किया है। जतिन शर्मा ने बताया कि मेरे साथ भी मंदिर के बाउंसरों ने गलत व्यवहार किया। वीडियो कॉल करने पर उनके हाथ पर डंडा मारा गया। वहां बाउंसर मारपीट पर उतारू रहते हैं। पुजारियों का व्यवहार भी आमजन के लिए ठीक नहीं रहता। भाजपा नेता ने बताया कि वह पहली बार सालासर मंदिर गए थे मगर मंदिर का सिस्टम पूरी तरह करप्ट है और वहां वीआईपी कल्चर हावी है जो पैसा देगा, उसके लिए सब कुछ होगा। भाजपा नेता ने कन्हैया मित्तल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह उन परिवारों व लोगों के साथ भी मंदिर जाएंगे जिनके साथ बाउंसर व पुजारी अब तक गलत करते आए हैं। जानिए भाजपा नेता ने किस तरह के आरोप लगाए… व्यापारियों ने इस मामले पर बुलाई पंचायत
पीड़ित परिवार के मुखिया संजय अरोड़ा जो खुद बालाजी मार्केट के प्रधान हैं, उन्होंने व्यापारी संगठनों से बातचीत के बाद आज पंचायत करने का ऐलान किया है। वहीं परिवार ने कन्हैया मित्तल को बिचौलिया ना बनने की सीख दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनको अब भी धमकी दी जा रही है और कन्हैया मित्तल पूरा दवाब बना रहे हैं। परिवार ने साफ किया है कि वह सालासर मंदिर कन्हैया मित्तल के साथ नहीं जाएगा। बता दें कि पिछले रविवार को सालासर धाम मंदिर में हिसार के श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गई थी। परिवार का आरोप था कि वह वीडियो कॉल पर बीमार रिश्तेदार को दर्शन करवा रहे थे। इसी दौरान बाउंसरों ने उनके साथ बदमीजी की और मारपीट की। परिवार की महिलाओं को भी नहीं बक्शा गया। इसके बाद जब मामले ने तूल पकड़ा तो कन्हैया मित्तल ने पूरे विवाद को शांत करने का प्रयास किया और बातचीत के लिए परिवार को सालासर चलने की बात कही थी।


