सुल्तानपुर अमहट मंडी में रोजाना भारी जाम:प्रशासनिक लापरवाही से किसान-आढ़ती परेशान, समाधान की मांग

सुल्तानपुर अमहट मंडी में रोजाना भारी जाम:प्रशासनिक लापरवाही से किसान-आढ़ती परेशान, समाधान की मांग

सुल्तानपुर की नवीन अमहट मंडी में मंडी प्रशासन की लापरवाही के कारण पिछले कई दिनों से रोजाना भारी जाम लग रहा है। अनाज, सब्जी और अन्य कृषि उत्पादों की आवाजाही के दौरान ट्रकों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा अन्य वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग और सड़क पर सामान उतारने-चढ़ाने से मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। इससे किसान, आढ़ती और आम नागरिक गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय किसानों और आढ़तियों के अनुसार, सुबह से शाम तक मंडी क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। कई बार जाम इतना भीषण हो जाता है कि मंडी तक पहुंचने में घंटों लग जाते हैं, जिससे नीलामी प्रक्रिया बाधित होती है और उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ता है। एक स्थानीय आढ़ती ने बताया, “हम सुबह 4 बजे से यहां बैठते हैं, लेकिन जाम के कारण माल लाने-ले जाने वाले किसान समय पर नहीं पहुंच पाते। इससे नीलामी प्रभावित हो रही है और हमारी रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। मंडी प्रशासन केवल मूकदर्शक बना हुआ है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।”किसानों का आरोप है कि मंडी गेट पर पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। प्रशासन ने न तो अतिरिक्त पार्किंग स्थल बनाए हैं और न ही पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस तैनात की है। परिणामस्वरूप, वाहन मंडी के मुख्य रास्ते पर ही खड़े हो जाते हैं, जिससे पूरे इलाके में यातायात बाधित होता है।स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने मंडी प्रशासन और पुलिस से इस समस्या पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि प्रशासन सख्ती से पार्किंग नियम लागू करे, गलत पार्किंग करने वालों पर भारी जुर्माना लगाए और वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था करे। इस बीच, ट्रैफिक इंस्पेक्टर राम निरंजन यादव ने अमहट मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भारी वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग, सब्जी-आढ़ती व्यवसाय और अवैध कब्जों को जाम का मुख्य कारण पाया। इंस्पेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों और वाहन चालकों को उचित दिशा-निर्देश दिए। इन निर्देशों में सड़क पर सामान उतारने-चढ़ाने की व्यवस्था में सुधार, पार्किंग के लिए वैकल्पिक जगहों का उपयोग और ई-रिक्शा/ट्रैक्टर-ट्रॉली के रूट निर्धारण शामिल थे। उन्होंने मंडी प्रशासन को पार्किंग नियम सख्ती से लागू करने, जुर्माना वसूलने और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने के भी निर्देश दिए। वहीं मंडी समिति के अधिकारियों से जब इस बारे में जानकारी की गई तो उन्होंने कहा समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *