Hardik Pandya to reach BCCI CoE: भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज खेलने पर संशय बना हुआ है। वह 2 जून को बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिपोर्ट करेंगे। रिशेड्यूल के हिसाब से 13 जून को अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय वनडे स्क्वॉड में शामिल होने से पहले पंड्या के सेंटर में एक हफ्ते से ज्यादा समय बिताने की उम्मीद है।
अब पंड्या का खेलना फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर
32 साल के पंड्या ने आखिरी बार मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में इस फॉर्मेट में खेला था। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए 19 मई को चुनी गई वनडे स्क्वॉड में शामिल किया गया था, लेकिन अब उनका खेलना फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर है।
रोहित शर्मा को भी रिपोर्ट करने के मिले थे निर्देश
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने रोहित शर्मा और पंड्या दोनों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया था, लेकिन इस समय रोहित के बारे में कोई क्लैरिटी नहीं है। पंड्या के अगले हफ्ते फिटनेस ड्रिल और मैच सिमुलेशन से गुजरने की संभावना है।
6 जून से खेला जाएगा एकमात्र टेस्ट
इस बीच, 6 जून से मुल्लानपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट से पहले भारतीय टेस्ट टीम बुधवार से अपने ट्रेनिंग सेशन करेगी। टीम दोपहर में तीन घंटे का ट्रेनिंग सेशन करेगी और जबकि विरोधी अफगानिस्तान टीम का ट्रेनिंग सेशन सुबह तीन घंटे का होगा।
आकिब नबी टीम इंडिया में शामिल
टेस्ट कैंप में देर से किसी और को शामिल करने की संभावना है, क्योंकि सेलेक्टर्स ने आकिब नबी को ग्रुप में शामिल किया है। फिलहाल उन्हें बतौर नेट बॉलर शामिल करने की जानकारी सामने आ रही है। वह अब इस हफ्ते टीम के साथ ट्रेनिंग करते नजर आने वाले हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम
इंडिया टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेट-कीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल (विकेट-कीपर)।
इंडिया वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेट-कीपर), ईशान किशन (विकेट-कीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।


