ग्वालियर युवक की गोराघाट पुल से गिरकर मौत:मोबाइल दुकान संचालक रात से था लापता, दतिया में हादसा

ग्वालियर युवक की गोराघाट पुल से गिरकर मौत:मोबाइल दुकान संचालक रात से था लापता, दतिया में हादसा

दतिया में गोराघाट थाना क्षेत्र में एनएच-44 स्थित गोराघाट पुल से गिरने के बाद घायल हुए ग्वालियर निवासी युवक की मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक सोमवार रात से लापता था और परिजनों को उसके दतिया पहुंचने की भी जानकारी नहीं थी। पुलिस प्रथम दृष्टया किसी अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद हादसा होने की आशंका जता रही है। मृतक की पहचान आशीष सूर्यवंशी (25) पुत्र नरेश सूर्यवंशी निवासी ग्वालियर के रूप में हुई है। आशीष ग्वालियर में पड़ाव थाना क्षेत्र के पास मोबाइल रिचार्ज की दुकान संचालित करता था। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे वह गोराघाट पुल से नीचे गिरने से वह गंभीर घायल हो गया था। सूचना मिलने पर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सुबह करीब 10 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई चंदेल सूर्यवंशी ने बताया कि, आशीष सोमवार रात दुकान बंद करने के बाद घर नहीं पहुंचा था। परिवार उसकी तलाश कर ही रहा था कि मंगलवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि वह दतिया जिला अस्पताल में भर्ती है। परिजनों के अनुसार, आशीष रोजाना दुकान बंद कर सीधे घर लौटता था। वह दतिया किस उद्देश्य से आया था और उसके साथ कौन था, इसकी जानकारी फिलहाल किसी को नहीं है। इधर, गोराघाट थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने बताया कि युवक बाइक पर सवार था। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मारी होगी, जिससे वह पुल से नीचे जा गिरा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *