सपनों की कोई उम्र नहीं होती…इस बात को एक बार फिर साबित किया है गुना की गीता सोनी ने। सामान्य परिवेश में असाधारण उपलब्धियाँ हासिल करने वाली गीता सोनी को इस वर्ष विश्व के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोह कांस फिल्म फेस्टिवल(Cannes Film Festival 2026) में शामिल होने का विशेष निमंत्रण मिला है। यह समारोह 12 से 18 मई तक आयोजित होगा, जहाँ गीता सोनी को अंतरराष्ट्रीय रेड कार्पेट पर चलने का अवसर मिलेगा। यह किसी भी भारतीय महिला के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। गीता सोनी ने बताया कि वे इससे पहले वर्ष 2021 में हाउते मोनडे मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड(सीजन 10) में रनर-अप रह चुकी हैं और उन्हें दुबई में “Goodness Ambassador” के खिताब से भी सम्मानित किया गया था। उनकी इस उपलब्धि पर वर्ष 2021 में गुना कलेक्टर द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया था, जिससे पूरे शहर में खुशी और गर्व का माहौल बना था। एक गृहिणी होने के बावजूद गीता सोनी ने समाज सेवा में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने जरूरतमंद बच्चों के लिए कार्य किया, किशोरियों के बीच सेनेटरी पैड वितरण जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में भाग लिया, और वृद्धाश्रमों में सहायता व सहयोग प्रदान किया। उनका मानना है कि “अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता।” हाल ही में उन्हें Cannes Film Festival 2026 के लिए एक विशेष अंतरराष्ट्रीय निमंत्रण प्राप्त हुआ है, जिसमें उन्हें प्रतिष्ठित रेड कार्पेट पर चलने, वैश्विक हस्तियों से जुड़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। यह निमंत्रण उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गुना शहर के लिए गर्व का विषय है। हाल ही में इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि को लेकर गीता सोनी ने कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल से सौजन्य भेंट भी की। इस दौरान उन्होंने अपनी उपलब्धि साझा की, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को उम्र या परिस्थितियों के कारण सीमित मान लेती हैं। आज वे न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गुना शहर का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करने की ओर अग्रसर हैं। उनका यह सफर हर उस व्यक्ति के लिए एक संदेश है—“सपने देखिए, मेहनत कीजिए और उन्हें सच कर दिखाइए।”


