Ahmedabad. गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) की ओर से फरवरी-मार्च महीने में ली गई 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा का रेकॉर्ड 83.86 फीसदी परिणाम रहा। यह पिछले 33 सालों में सबसे ज्यादा परिणाम है। साथ ही यह गत वर्ष के 83.08 प्रतिशत की तुलना में 0.78 फीसदी ज्यादा है।
बुधवार सुबह 8 बजे ऑनलाइन घोषित किए गए परिणाम में इस साल भी छात्राओं ने छात्रों को पछाड़ दिया। छात्रों की तुलना में छात्राओं का परिणाम 8.16 फीसदी ज्यादा रहा। छात्रों का परिणाम 80.12 प्रतिशत और छात्राओं का परिणाम 88.28 प्रतिशत रहा।90.85 प्रतिशत परिणाम के साथ नर्मदा जिला सभी जिलों में अव्वल रहा। सबसे कम 76.42 प्रतिशत परिणाम पंचमहाल जिले का रहा।गांधीनगर जिले के आजोल परीक्षा केन्द्र का परिणाम 100 प्रतिशत रहा। जबकि दाहोद जिले के मुनखोसला परीक्षा केन्द्र का परिणाम 33.74 प्रतिशत रहा, जो सबसे कम है।जीएसईबी के तहत फरवरी-मार्च 2026 में 1006 परीक्षा केन्द्रों पर 7 लाख 56 हजार 392 नियमित विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, उसमें से 6 लाख 34 हजार 327 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस तरह परिणाम 83.86 प्रतिशत रहा वहीं गत वर्ष परीक्षा देने वाले 746892 विद्यार्थियों में से 620532 उत्तीर्ण हुए थे और परिणाम 83.08 प्रतिशत रहा था।
हिंदी माध्यम का 77.20 प्रतिशत परिणाम
10वीं कक्षा के प्रमुख तीन माध्यमों की बात करें तो अंग्रेजी माध्यम का परिणाम 92.50 प्रतिशत रहा। यह सबसे ज्यादा है। हिंदी माध्यम का परिणाम 77.20 प्रतिशत और गुजराती माध्यम के विद्यार्थियों का परिणाम 82.67 प्रतिशत रहा।
शत- प्रतिशत रिजल्ट वाले स्कूल बढ़े
शत-प्रतिशत परिणाम वाली स्कूलों की संख्या में भी इस साल इजाफा हुआ है। इस वर्ष 2026 में राज्य के 1697 स्कूलों का परिणाम 100 फीसदी रहा। गत वर्ष 1574 स्कूलों का परिणाम शत प्रतिशत रहा था।000
ए 1 ग्रेड पाने वाले विद्यार्थी इस साल भी बढ़े
10वीं कक्षा में ए 1 ग्रेड पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या में इस वर्ष भी वृद्धि हुई है। इस वर्ष 35508 विद्यार्थी ए 1 ग्रेड के साथ उत्तीर्ण हुए हैं, जो गत वर्ष के 28055 विद्यार्थियों की तुलना में 7453 विद्यार्थी अधिक हैं।
ग्रेड आधारित परिणाम
ए 1 ग्रेड-35508
ए2-90863
बी1-122184
बी2-148215
सी1-146647
सी2-83621
डी-7278
ई1-11


