रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: मुंबई से उत्तर भारत चलने वाली ये स्पेशल हुई रेगुलर, सुपरफास्ट बनकर दौड़ेगी

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: मुंबई से उत्तर भारत चलने वाली ये स्पेशल हुई रेगुलर, सुपरफास्ट बनकर दौड़ेगी

मुंबई से उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में चलाने का फैसला किया है।

पश्चिम रेलवे द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अब तक ट्रेन संख्या 09075/09076 के रूप में चल रही मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित कर दिया गया है। यह ट्रेन अब नई संख्या 21907/21908 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में परिचालित होगी।

कब से शुरू होगी नियमित सेवा?

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, ट्रेन संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस की नियमित सेवा 27 मई से शुरू हुई। वहीं, ट्रेन संख्या 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 28 मई से काठगोदाम से रवाना होगी।

ट्रेन का समय और पूरा रूट

ट्रेन संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस हर बुधवार को मुंबई सेंट्रल से सुबह 10:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस हर गुरुवार को शाम 5:30 बजे काठगोदाम से चलेगी और अगले दिन रात 9 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, शामगढ़, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी, किच्छा, लालकुआं और हल्द्वानी स्टेशनों पर ठहरेगी।

यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं

इस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे उपलब्ध होंगे। रेलवे का मानना है कि नियमित सेवा शुरू होने से उत्तराखंड और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले पर्यटकों, कामकाजी लोगों और प्रवासी यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेलवे ने ट्रेन संख्या 09075/09076 में पहले से आरक्षण कराने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे नई ट्रेन संख्या 21907/21908 को ध्यान में रखें, क्योंकि अब यही ट्रेन नई संख्या के साथ नियमित रूप से चलेगी।

ट्रेन के समय, ठहराव और कोच संरचना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए यात्री भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *