महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नागपुर की कलमना पुलिस ने एक गोदाम में सेंधमारी कर करीब 11.39 लाख रुपये का सामान चुराने के आरोप में दो नाबालिगों समेत तीन लोगों को पकड़ा है। जब पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की, तो चोरी की जो वजह सामने आई उसने पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। दरअसल, एक नाबालिग आरोपी की गर्लफ्रेंड ने उससे एक महंगे आईफोन (iPhone) की डिमांड की थी। प्रेमिका की इसी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए नाबालिग ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
गोदाम की छत तोड़कर घुसे थे नाबालिग
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता राहुल नागपुर के कलमना इलाके में ‘राहुल सिरेमिक्स’ नाम की एक कंपनी चलाते हैं। उनके इस गोदाम में टाइल्स, सैनिटरी और सीपी फिटिंग (नल और प्लंबिंग का सामान) का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था। 27 और 28 मई की दरमियानी रात को चोरों ने इस गोदाम को निशाना बनाया। आरोपियों ने गोदाम की दूसरी मंजिल पर लगी टिन की छत को तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद खेती में इस्तेमाल होने वाले एमबी मॉडल के नल, घरेलू उपयोग के विभिन्न प्रकार के नल, लग्जरी फिटिंग्स और अन्य महंगा सामान चोरी कर फरार हो गए।
25 से अधिक CCTV कैमरों ने खोला राज
घटना के बाद कलमना पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के क्षेत्रों में लगे 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। इसके बाद दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। हिरासत में लेने के बाद आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पूछताछ के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया।
आरोपी बोला- गर्लफ्रेंड ने मांगा था iPhone
पुलिस जांच में सामने आया कि एक नाबालिग आरोपी की गर्लफ्रेंड ने उससे आईफोन की मांग की थी। उसकी इस इच्छा को पूरा करने के लिए उसने अपने दोस्तों के साथ चोरी की पूरी साजिश रची।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नाबालिग ने पैसे जुटाने के लिए चोरी का रास्ता चुना और लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। कलमना थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए), 331(3) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
20 हजार रुपये में बेच दिया लाखों का माल
पूछताछ के दौरान नाबालिग आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया सामान उन्होंने यशोधरा नगर निवासी एक फेरीवाले इरफान अली उर्फ इम्मू रमजान अली को मात्र 20 हजार रुपये में बेच दिया था। इस जानकारी के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इरफान अली को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने भी चोरी का माल खरीदने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने इरफान अली के कब्जे से चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया है। अब तक करीब 6.50 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया जा चुका है। अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस का कहना है कि बाकी चोरी गए सामान की तलाश जारी है और मामले की जांच चल रही है।


