सिरसा | चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) का भूगोल विभाग विद्यार्थियों को आधुनिक भूगोल शिक्षा, शोध एवं तकनीकी दक्षता प्रदान करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है। विभाग नवाचार-आधारित शिक्षण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा मानव एवं प्राकृतिक तंत्रों के अध्ययन को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों को वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार कर रहा है। भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. धर्मवीर सिंह ने बताया कि विभाग विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों तथा शोध अभिरुचि के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग का लक्ष्य ऐसे युवा भूगोलवेत्ता तैयार करना है जो उच्च शिक्षा, क्षेत्रीय तथा राष्ट्रीय नियोजन, जीआईएस, रिमोट सेंसिंग, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। उन्होंने बताया कि विभाग में एमएससी भूगोल की 50 सीटें उपलब्ध हैं। यहां पर्यावरण भूगोल, रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस, शहरी नियोजन तथा भू-आकृति विज्ञान जैसे आधुनिक, रोजगारपरक विषयों की पढ़ाई कराई जाती है।


