बुरहानपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने केले के खेत में छिपाकर की जा रही गांजे की खेती का भंडाफोड़ करते हुए 10.5 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देश पर, थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में 29 मई को ग्राम बंडसिंगी में दबिश दी गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संतोष पिता लक्ष्मण पाटील अपने केले के खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। पुलिस टीम ने केले के व्यापारी बनकर खेत में छापा मारा और मौके से 40 वर्षीय आरोपी संतोष पाटील गुर्जर को हिरासत में लिया। खेत से गांजे के 05 हरे पौधे बरामद हुए, जिनका कुल वजन लगभग 10 किलो 500 ग्राम है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी संतोष पाटील गुर्जर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। थाना शाहपुर में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के साथ उपनिरीक्षक अजयसिंह चौहान, शैलेन्द्र तोमर, प्रधान आरक्षक गणेश पाटिल और मनोज मोरे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


