HAL, BEL और BDL से लेकर Mazagon Dock तक, इन डिफेंस शेयरों में आई जोरदार तेजी, जानिए वजह

HAL, BEL और BDL से लेकर Mazagon Dock तक, इन डिफेंस शेयरों में आई जोरदार तेजी, जानिए वजह

Defence stocks: जब दुनिया में युद्ध हो, तो भारत के डिफेंस शेयरों में तेजी आने लगती है। बुधवार को भी यही हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फिर से शुरू होने की खबरें आईं और भारतीय शेयर बाजार में जैसे बिजली दौड़ गई। सेंसेक्स 1,300 अंक से ज्यादा उछल गया। निफ्टी 50 ने 24,200 का स्तर पार कर लिया। लेकिन सबसे ज्यादा रौनक रही डिफेंस सेक्टर में।

MTAR Technologies ने तो 10 फीसदी से ज्यादा की छलांग लगाई। पारस डिफेंस, डेटा पैटर्न्स, AXISCADES और मिश्रा धातु निगम के शेयर 3 से 5 फीसदी तक चढ़े। HAL, BEL, BDL, मझगांव डॉक, कोचीन शिपयार्ड, गार्डन रीच शिपबिल्डर्स जैसे डिफेंस सेक्टर के लगभग सभी शेयर हरे निशान में रहे। निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स ने 2.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की।

तेजी की असली वजह क्या है?

बात सिर्फ एक दिन की नहीं है। भारत का डिफेंस सेक्टर लंबे समय से अच्छी तेजी में है। FY26 के अंत तक ज्यादातर रक्षा कंपनियों के ऑर्डरबुक अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए थे। डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल यानी DAC ने FY26 में 6.7 लाख करोड़ रुपये के खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी। इसके अलावा राफेल के लिए 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की अलग खरीद भी मंजूर हुई।

FY27 का बजटीय रक्षा पूंजीगत खर्च करीब 2.2 लाख करोड़ रुपये रखा गया है और ऑर्डर बैकलॉग तो सालाना राजस्व का 3 से 5 गुना तक बना हुआ है। यानी काम की कमी नहीं है।

Q4 नतीजे कैसे रहेंगे?

यहां तस्वीर थोड़ी मिलीजुली है। ICICI Securities का अनुमान है कि सरकारी रक्षा कंपनियों की राजस्व वृद्धि मिली जुली रहेगी। HAL के टॉपलाइन में 4 फीसदी की गिरावट आ सकती है। BEL सिर्फ 2 फीसदी की बढ़त दिखा सकता है। दोनों के मुनाफे में करीब 10 फीसदी की कमी संभव है। दूसरी तरफ प्राइवेट कंपनियां बेहतर दिख रही हैं। PTC Industries का राजस्व 283 फीसदी उछल सकता है। Solar Industries 31 फीसदी, Dynamatic Technologies 27 फीसदी और MIDHANI 34 फीसदी की बढ़त के साथ आगे रह सकती हैं। Solar Industries, PTC Industries और Astra Microwave का मुनाफा क्रमश: 35 फीसदी, 137 फीसदी और 31 फीसदी बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, Zen Technologies के लिए बुरी खबर है। उसका राजस्व 30 फीसदी और मुनाफा 48 फीसदी तक गिर सकता है।

क्या कह रहे एक्सपर्ट्स

QRSAM, MRSAM, VL-SRSAM जैसे मिसाइल प्लेटफॉर्म के ऑर्डर, पिनाका और नागास्त्र जैसे गोला-बारूद प्रोजेक्ट और तेजस Mk-1A की डिलीवरी में तेजी इस सेक्टर के लिए असली गेम चेंजर साबित होंगे। ICICI Securities को लगता है कि मिसाइल, ड्रोन, रडार और गोला-बारूद यानी एयरोस्पेस सेगमेंट सबसे ज्यादा फायदे में रहेगा। उसकी पसंदीदा कंपनियां हैं Solar Industries और Azad Engineering। सरकारी कंपनियों में HAL FY27 में मजबूत वापसी कर सकती है।

हालांकि, विश्लेषकों का कहना है कि बड़े नए ऑर्डरों की रफ्तार अब थोड़ी धीमी पड़ सकती है। ध्यान अब सिर्फ ऑर्डर लेने पर नहीं, बल्कि समय पर डिलीवरी देने और नकदी प्रवाह सुधारने पर होगा। यानी सेक्टर में अगला दौर उनका होगा जो काम करके दिखाएंगे, सिर्फ ऑर्डर बुक दिखाने वालों का नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *