विश्व योग दिवस पर निःशुल्क योग शिविर शुरू:दिव्य योग केंद्र द्वारा 21 जून तक शहरभर में चलेंगे उत्कृष्ट शिविर

विश्व योग दिवस पर निःशुल्क योग शिविर शुरू:दिव्य योग केंद्र द्वारा 21 जून तक शहरभर में चलेंगे उत्कृष्ट शिविर

मुरादाबाद। विश्व योग दिवस के अवसर पर रविवार से दिव्य योग केंद्र, मंडी बांस, मुरादाबाद द्वारा “उत्कृष्ट योग शिविरों” का शुभारंभ किया गया। ये निःशुल्क शिविर 21 जून तक शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें योग, प्राणायाम और आयुर्वेद के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया जाएगा। इन शिविरों की शुरुआत रविवार को कंपनी बाग पार्क में हुई। योग विशेषज्ञ डॉ. मनोज रस्तोगी ने ईश्वर प्रार्थना और गायत्री मंत्र के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ कराया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि निरोगी शरीर जीवन का सबसे बड़ा सुख है, जिसके लिए नियमित योग अत्यंत आवश्यक है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी प्रसन्न और ऊर्जावान बनाता है। डॉ. रस्तोगी ने बताया कि इन शिविरों का ध्येय वाक्य “उत्कृष्ट जीवन की पहचान, करो प्रतिदिन योग-प्राणायाम” रखा गया है। उन्होंने प्रतिभागियों को हृदय रोग, मोटापा, कमर दर्द, अस्थमा, मानसिक तनाव और सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस जैसी समस्याओं से बचाव के लिए विभिन्न आसनों जैसे मरकटासन, सर्वांगासन, उत्तानपादासन, हलासन, कर्णपीड़ासन, पवनमुक्तासन, कंधरासन का अभ्यास कराया। इसके साथ ही भस्त्रिका, उज्जायी और भ्रामरी प्राणायाम भी सिखाए गए। योग विशेषज्ञ ने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। इसमें प्रतिदिन चार से पांच किलोमीटर पैदल चलना, संतुलित आहार लेना, पर्याप्त नींद लेना और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना शामिल है। उन्होंने जोर दिया कि स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना महत्वपूर्ण है। इस कार्यक्रम में आदर्श गुप्ता, रविंद्र रस्तोगी, संदीप रस्तोगी, मोहित अग्रवाल, सूर्य प्रकाश रस्तोगी, विराज रस्तोगी, दिनेश रस्तोगी, विशेश्वर रस्तोगी, राजीव रस्तोगी, वर्षा अग्रवाल, डॉली खन्ना, रीतु रस्तोगी, ममता रस्तोगी, उपासना सिंह, मीनू मेहरोत्रा, कादंबरी रस्तोगी, सुरम्य रस्तोगी और रश्मि रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। सभी ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *