रायबरेली जिला कारागार में रविवार को निःशुल्क नेत्र, ईएनटी और समग्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मातृभूमि सेवा मिशन धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र, हरियाणा की रायबरेली इकाई ने बिमटेक पुस्तकालय एवं वाचनालय में यह शिविर लगाया। इसमें 200 से अधिक बंदियों का परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान बंदियों को विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया गया। उन्हें निःशुल्क दवाएं और जरूरतमंदों को चश्मे भी वितरित किए गए। यह आयोजन मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्रा की प्रेरणा तथा जेल अधीक्षक प्रभात सिंह एवं जेलर हिमांशु रौतेला के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जेल अधीक्षक प्रभात सिंह ने इस अवसर पर कहा कि बंदियों का समग्र स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता है। जेलर हिमांशु रौतेला ने बताया कि ऐसे कल्याणकारी प्रयासों से बंदियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. एके द्विवेदी ने जोर दिया कि समय पर जांच से नेत्र समस्याओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है। यह शिविर समाज के उपेक्षित एवं संवेदनशील वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता का हिस्सा था।


