एजेंसी को दिया जाएगा नोटिस, अगले सप्ताह लोकार्पण : महापौर शुक्ल
राजकोट. जामनगर रोड से शहर के प्रवेश द्वार के रूप में पहचाने सांढिया फोरलेन ब्रिज के निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों को निर्माण में खामियां दिखीं।
दशकों पुराने ब्रिज को तोड़कर उसकी जगह 74 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए नए फोरलेन ब्रिज का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। महापौर नेहल शुक्ल सहित अन्य पदाधिकारियों ने ब्रिज के एक छोर से दूसरे छोर तक किए गए कार्यों का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान वर्षा जल निकासी व्यवस्था से लेकर फिनिशिंग तक कुछ खामियां सामने आईं।
निरीक्षण के बाद महापौर शुक्ल ने बताया कि इन खामियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकी कार्यों को छोड़कर अब कोई बड़ा काम बाकी नहीं है और अगले सप्ताह निश्चित रूप से ब्रिज का लोकार्पण कर दिया जाएगा। हालांकि लोकार्पण की तारीख एक-दो दिन बाद तय की जाएगी। सांढिया ब्रिज पर तिरंगा लाइटिंग सहित अन्य परीक्षण प्रशासन द्वारा पूरे किए गए हैं।
कार शेयरिंग कर पहुंचे
अधिकारी और पदाधिकारी कार-शेयरिंग के माध्यम से पुल तक पहुंचे। महापौर के साथ उप महापौर दक्षा वसाणी, स्थायी समिति के चेयरमैन परेश पीपलिया, शासक पक्ष के नेता हिरेन खीमाणिया, सचेतक संजयसिंह राणा, पूर्व महापौर नयना पेढ़डिया, उपायुक्त हर्षद पटेल, सिटी इंजीनियर अतुल रावल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
वर्षा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
अगले महीने से मानसून आने की संभावना को देखते हुए मेयर ने वर्षा जल निकासी की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और इसे तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से खामियों पर सवाल भी किए और लंबित कार्यों को तुरंत पूरा करने को कहा।
किसी भी बिल के भुगतान से पहले ली जाए अनुमति
तकनीकी स्पष्टीकरण देने वाले अधिकारियों को महापौर ने पहले काम पूरा करने और बाद में कार्यालय में आकर विस्तृत जानकारी देने की नसीहत भी दी। दोपहर में हुई बैठक में भी इस कार्य को प्राथमिकता देने की याद दिलाई गई। ब्रिज निर्माण में हुई देरी या खामियों को देखते हुए महापौर ने निर्देश दिया है कि किसी भी बिल के भुगतान से पहले उनकी अनुमति ली जाए।
जामनगर रोड बंद होने के कारण 150 फीट रोड, रैया रोड और कालावड़ रोड पर ट्रैफिक का दबाव है। ब्रिज के लोकार्पण के बाद इन मार्गों पर ट्रैफिक की समस्या काफी हद तक कम होगी और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।


