भागलपुर: सुल्तानगंज नगर परिषद में फायरिंग, कार्यपालक पदाधिकारी की मौत, सभापति घायल

भागलपुर: सुल्तानगंज नगर परिषद में फायरिंग, कार्यपालक पदाधिकारी की मौत, सभापति घायल

बिहार के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हथियारबंद अपराधियों ने घुसकर सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार पर गोलीबारी कर दी। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी की मौत हो गई, जबकि सभापति गंभीर रूप से घायल हैं। 

बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार (28 अप्रैल) को नकाबपोश अपराधियों ने घुसकर सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घायल सभापति को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

कार्यपालक पदाधिकारी की मौत, सभापति गंभीर

अस्पताल प्रशासन के अनुसार कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार को शरीर में तीन गोलियां लगी थीं और भागलपुर ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, नगर सभापति राज कुमार गुड्डू के सिर में गोली लगी है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि उनका इलाज जारी है और अब वे खतरे से बाहर हैं।

पुरानी रंजिश की आशंका

इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु एसपी सायम रजा और इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार मौके पर पहुंचे। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही अपराधी फरार हो चुके थे। पुलिस ने नगर परिषद कार्यालय को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में इस खूनी वारदात के पीछे सभापति और उपसभापति के बीच पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।

आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चश्मदीदों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस घटना में शामिल अपराधी स्थानीय हो सकते हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *