शॉर्ट सर्किट से बैग फैक्ट्री में लगी आग:आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, कोई जनहानि नहीं

शॉर्ट सर्किट से बैग फैक्ट्री में लगी आग:आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, कोई जनहानि नहीं

लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में रविवार शाम शॉर्ट सर्किट से स्कूली बैग बनाने वाले कारखाने में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर चौक फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। ठाकुरगंज के बालागंज स्थित अहिरन खेड़ा निवासी कारोबारी अमन के मकान के निचले हिस्से में स्कूली बैग बनाने का कारखाना संचालित होता है। रविवार होने के कारण फैक्ट्री बंद थी। शाम के समय अचानक कारखाने से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने पहले खुद आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती रहीं। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। चौक एफएसओ पुष्पेंद्र कुमार दमकल की दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। मुख्य दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण दमकल कर्मियों को ताला तोड़कर अंदर जाना पड़ा। अंदर बड़ी संख्या में स्कूली बैग और अन्य सामान रखा था, जिससे आग तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। पानी डालते ही भड़क रही थीं लपटें दमकल कर्मियों के मुताबिक फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में स्कूली बैग रखे थे। प्लास्टिक और सिंथेटिक सामग्री होने की वजह से पानी पड़ते ही आग की लपटें और तेज हो जा रही थीं। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका। चौक एफएसओ पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *