ब्यावर जिले के जैतारण उपखंड के बलाड़ा गांव में स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में मंगलवार को किलिंकर ले जाने वाली कन्वेयर बेल्ट पर अचानक विस्फोट होने से आग लग गई, जिससे प्लांट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के तुरंत बाद कन्वेयर बेल्ट से घना धुआं उठने लगा और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी। दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर ब्रिगेड और प्लांट कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। आग लगने से कन्वेयर बेल्ट और संबंधित उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्लांट प्रबंधन द्वारा घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जा रही है।


