अमेठी में इलेक्ट्रॉनिक-फर्नीचर गोदाम में आग लगी:लाखों का सामान जलकर राख, 3 फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

अमेठी में इलेक्ट्रॉनिक-फर्नीचर गोदाम में आग लगी:लाखों का सामान जलकर राख, 3 फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

अमेठी में गुरुवार देर रात एक इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एचएएल गेट के सामने स्थित लकी फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी आग से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। मामला मुंशीगंज थाना क्षेत्र का है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर तक आसमान में काला धुआं दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्काल गोदाम मालिक लकी को सूचना दी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही आग पूरे गोदाम में फैल चुकी थी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं अमेठी, गौरीगंज और एचएएल से तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब 45 मिनट से अधिक समय तक चली मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया जा सका। गोदाम में फर्नीचर के साथ एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं गोदाम मालिक के अनुसार, 30 से 40 लाख रुपए तक का सामान जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *