इंदौर से सागर जा रही एक चार्टर्ड बस में आज सुबह भीषण आग लग गई। यह घटना ग्यारसपुर थाना क्षेत्र के पीपलखेड़ी वेयरहाउस के पास हुई। बस में सवार करीब 18 यात्रियों ने अपनी जान बचाई, लेकिन उनका सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के बाद बस चालक और स्टाफ मौके से फरार हो गए। यात्रियों ने बताया कि बस रात 11:30 बजे इंदौर से रवाना हुई थी। रास्ते में करीब 2:30 बजे ड्राइवर ने बस का एसी बंद कर दिया था, जिसे तकनीकी खराबी बताकर कुछ देर बाद फिर चालू किया गया। सुबह लगभग 5:30 बजे जब बस ग्यारसपुर के पीपलखेड़ी इलाके में पहुंची, तो बस के अंदर से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते बस आग की लपटों से घिर गई। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी यात्री अपनी जान बचाकर बस से बाहर निकल गए, लेकिन वे अपना सामान नहीं निकाल पाए। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्यारसपुर थाना प्रभारी गोकुल अजनेरिया मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर सहायता प्रदान की। ग्यारसपुर में फायर ब्रिगेड की सुविधा न होने के कारण विदिशा से दमकल वाहन पहुंचने में काफी समय लग गया। तब तक पूरी बस जलकर राख हो चुकी थी, जिसमें यात्रियों का लगेज और अन्य सामान भी नष्ट हो गया। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बस चालक और कंडक्टर की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह बस सागर की ओम साईं राम कंपनी की थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।


