सुल्तानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में रंगदारी, डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी का एक बड़ा मामला सामने आया है। वीरसिंहपुर बाजार में पिछले 25 वर्षों से सोने-चांदी की दुकान चलाने वाले एक प्रतिष्ठित सर्राफा व्यवसायी को स्थानीय माफिया और उसके गुर्गों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के वीरसिंहपुर निवासी व्यवसायी जयप्रकाश सोनी ने पुलिस को बताया कि दोस्तपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर रायपट्टी निवासी राजमंगल सिंह उर्फ भोलू सिंह एक शातिर अपराधी और माफिया किस्म का व्यक्ति है। उसके खिलाफ कई थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि राजमंगल सिंह ने पिछले एक वर्ष के दौरान उन्हें डरा-धमकाकर जबरन 18 लाख रुपये वसूल लिए। जब जयप्रकाश सोनी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो जयसिंहपुर थाने में दोनों पक्षों के बीच एक समझौता कराया गया था। 40 लाख रुपए और मांग रहा आरोपी समझौते के तहत, आरोपी को एक महीने के भीतर पैसे लौटाने या उसके बराबर की जमीन बैनामा करने का आश्वासन देना था। हालांकि, आरोपी ने न तो पैसे लौटाए और न ही जमीन दी। यह मामला यहीं शांत नहीं हुआ। अब आरोपी राजमंगल सिंह, अपने पिता रामसहाय सिंह और कुछ अज्ञात अराजकतत्वों व माफियाओं के साथ मिलकर पीड़ित से 40 लाख रुपये की अतिरिक्त रंगदारी की मांग कर रहा है। पीड़ित जयप्रकाश सोनी ने पुलिस को बताया कि आरोपी फोन पर और अन्य तरीकों से उन्हें लगातार धमकी दे रहे हैं। धमकियों में कहा गया है कि उन्होंने पहले भी कई लोगों की हत्याएं की हैं और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। साथ ही, यह भी दावा किया गया कि पुलिस प्रशासन में उनकी कोई सुनवाई नहीं होगी क्योंकि वे सब उनके इशारों पर काम करते हैं। लगातार मिल रही धमकियों के कारण जयप्रकाश सोनी और उनका परिवार बेहद डरा हुआ है। वे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने को मजबूर हैं। पीड़ित ने अपनी जान-माल की सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर जयसिंहपुर पुलिस ने मामला दर्जकर लिया है और जांच उपनिरीक्षक प्रेम नारायण राजपूत को सौंपी है।


