जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। नगर निगम लखनऊ के जोन-8 के जनगणना चार्ज अधिकारी और जोनल अधिकारी विकास सिंह की ओर से आशियाना थाना में तहरीर देकर यह कार्रवाई कराई गई। एफआईआर में शिक्षा विभाग के कर्मचारी राजेश कुमार, ऋषिकांत बाजपेई और राजेन्द्र कुमार को नामजद किया गया है। जोनल अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि जनगणना अधिनियम-1948 के तहत नियुक्त कर्मचारियों को जनगणना कार्य में सहयोग करने और निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारी बार-बार सूचना देने के बावजूद जनगणना कार्य में शामिल नहीं हुए और जनगणना पोर्टल पर अपना पंजीकरण भी नहीं कराया। उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारियों के इस रवैये से जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए जनगणना अधिनियम-1948 की धारा 11 के तहत थाना आशियाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। एफआईआर में शिक्षा विभाग के कर्मचारी राजेश कुमार, ऋषिकांत बाजपेई और राजेन्द्र कुमार को नामजद किया गया है।


