इंदौर से मुंबई पहुंचे फिल्म एडिटर जयंत एच वर्मा फिल्म और OTT इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। साल 2011 में मुंबई पहुंचे जयंत ने अपने करियर की शुरुआत असिस्टेंट एडिटर के तौर पर की थी। शुरुआती संघर्ष, लंबे वर्किंग आवर्स और लगातार सीखने की जिद ने उन्हें धीरे-धीरे इंडस्ट्री में एक स्वतंत्र फिल्म एडिटर के रूप में स्थापित किया। भोपाल के वीडियोग्राफी विभाग से फिल्म प्रोडक्शन और पोस्ट प्रोडक्शन की पढ़ाई करने वाले जयंत का मानना है कि एडिटिंग केवल तकनीकी प्रक्रिया नहीं, बल्कि कहानी की भावनाओं को दर्शकों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने की कला है। एडिटिंग से अलग पहचान बनाई उन्होंने कई फिल्मों, वेब सीरीज में काम किया है। जयंत के फिल्मी सफर में ‘सर्बजीत’, ‘भूमि’, ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ और ‘जनहित में जारी’ जैसी फिल्में शामिल हैं। वहीं OTT प्लेटफॉर्म पर ‘बेकाबू’, ‘क्लास ऑफ 2020’, ‘नमकूल’ और ‘एक फर्जी लव स्टोरी’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी उन्होंने अपनी एडिटिंग से अलग पहचान बनाई है। फिल्मों और वेब कंटेंट के बदलते दौर में जयंत लगातार नए एडिटिंग पैटर्न और आधुनिक स्टोरीटेलिंग तकनीकों पर काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि आज का दर्शक केवल कंटेंट नहीं देखता, बल्कि उसकी गति, भावनात्मक जुड़ाव और अनुभव को भी महसूस करता है। ऐसे में एडिटिंग की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। जयंत एच वर्मा की नई वेब सीरीज़ ‘सतरंगी’ 22 मई को Zee5 पर रिलीज़ होने जा रही है। इस प्रोजेक्ट को लेकर वे काफी उत्साहित हैं। छोटे शहर से निकलकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणा माना जा रहा है।


