FIFA World Cup 2026: इन सात देशों ने वर्ल्ड कप में जड़े हैं 100 गोल, रोनाल्डो का देश पुर्तगाली लिस्ट में नहीं

FIFA World Cup 2026: इन सात देशों ने वर्ल्ड कप में जड़े हैं 100 गोल, रोनाल्डो का देश पुर्तगाली लिस्ट में नहीं

फीफा विश्व कप का इतिहास गोलों की बरसात और महान टीमों की कहानियों से भरा पड़ा है। लेकिन इनमें से महज सात देश ही ऐसे हैं, जिन्होंने टूर्नामेंट के पूरे इतिहास में 100 या उससे ज्यादा गोल दाग दिए हैं। यह देश ब्राजील, जर्मनी, अर्जेंटीना, फ्रांस, इटली, स्पेन और इंग्लैंड हैं। 

FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप के अब तक 22 संस्करण पूरे हो चुके हैं। इन सभी संस्करणों में सिर्फ सात टीमें ही ऐसी रही हैं, जिन्होंने विश्व कप के मैदान पर 100 गोल का आंकड़ा पार किया है। आइए, इन सात देशों के बारे में विस्तार से जानते हैं, जिन्होंने फीफा विश्व कप में गोल का शतक लगाया है।

ब्राजील

फीफा विश्व कप के सभी 22 संस्करणों में हिस्सा लेने वाला इकलौता देश ब्राजील अब तक 114 मैच खेल चुका है और इनमें 237 गोल दागे हैं। पांच बार विश्व चैंपियन बनने वाला यह देश सबसे सफल टीमों में शामिल है। ब्राजील ने 1958, 1962, 1970, 1994 और 2002 में खिताब जीते थे। इस दौरान रोनाल्डो नाज़ारियो ने 15 गोल करके टीम के लिए सबसे ज्यादा योगदान दिया।

जर्मनी

जर्मनी ने 20 बार विश्व कप में भाग लिया और 112 मैचों में 232 गोल किए। 1954, 1974, 1990 और 2014 में चार बार चैंपियन बनने वाली इस टीम के लिए मिरोस्लाव क्लोज़ ने 16 गोल कर सर्वाधिक योगदान दिया।

अर्जेंटीना

18 बार विश्व कप खेल चुकी अर्जेंटीना ने 88 मैचों में 152 गोल दागे हैं। 1978, 1986 और 2022 में तीन बार खिताब जीतने वाली इस टीम के लिए लियोनेल मेसी ने 13 गोल करके सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड बनाया।

फ्रांस

फ्रांस ने 16 विश्व कप में हिस्सा लिया और 73 मैचों में 136 गोल किए। 1998 और 2018 में चैंपियन बनने वाली इस टीम के लिए जस्ट फोंटेन 13 गोल के साथ सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने।

इटली

18 बार विश्व कप खेलने वाली इटली ने 83 मैचों में 128 गोल दागे। 1934, 1938, 1982 और 2006 में चार बार खिताब जीतने वाली इस टीम के लिए क्रिश्चियन विएरी, पाओलो रॉसी और रॉबर्टो बैगियो संयुक्त रूप से सबसे सफल गोल स्कोरर रहे। इन तीनों ने 9-9 गोल किए।

स्पेन

16 बार विश्व कप में उतर चुकी स्पेन ने 67 मैचों में 108 गोल किए। 2010 में पहली बार चैंपियन बनी इस टीम के लिए डेविड विला ने 9 गोल कर सबसे ज्यादा योगदान दिया।

इंग्लैंड

इंग्लैंड ने भी 16 बार विश्व कप खेला और 74 मैचों में 104 गोल दागे। 1966 में अपना इकलौता खिताब जीतने वाली इस टीम के लिए गैरी लिनेकर 10 गोल के साथ सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी रहे।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *