बीकानेर के पीबीएम अस्पताल परिसर में रविवार को चेन चोरी के शक में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। एक महिला गार्ड ने युवक को चोर समझते हुए उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। घटना सोमवार दोपहर की है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में एक महिला की चेन और फुलड़ा चोरी होने की आशंका जताई गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक पर शक होने पर महिला गार्ड ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। हालांकि, पुलिस जांच में मामला गलतफहमी का निकला। पीबीएम पुलिस चौकी प्रभारी साहबराम ने बताया कि संबंधित युवक अस्पताल में किसी परिचित से मिलने आया था। महिला ने उसे चोर समझ लिया और इसी गलतफहमी में उसके साथ मारपीट कर दी। सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि इस मामले में न तो किसी महिला ने अपनी ज्वैलरी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है और न ही पिटाई का शिकार हुए युवक ने कोई रिपोर्ट दी है। ऐसे में पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है। युवक की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की गई है, क्योंकि इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत या मामला दर्ज नहीं हुआ है। घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठने लगे हैं। बिना पुष्टि किसी को आरोपी मानकर मारपीट करना गंभीर विषय माना जा रहा है।


