शाहजहांपुर में बेटी के जन्मदिन पर पिता की मौत:लाइन ठीक करते समय लगा करंट, परिजन बोले- जानबूझकर चालू की गई बिजली

शाहजहांपुर में बेटी के जन्मदिन पर पिता की मौत:लाइन ठीक करते समय लगा करंट, परिजन बोले- जानबूझकर चालू की गई बिजली

शाहजहांपुर में बेटी के जन्मदिन पर पिता की मौत हो गई। लाइन ठीक करते समय लाइनमैन को करंट लग गया। मौके पर ही उसकी जान चली गई। वहीं एक अन्य कर्मचारी झुलस गया। परिजनों ने आरोप लगाया जानबूझकर बिजली चालू की गई थी। लाइनमैन की पहचान 40 साल के अनुराग शुक्ला के रूप में हुई। हरदोई के शाहबाद क्षेत्र के बुध बाजार निवासी अनुराग शुक्ला करीब 20 सालों से शाहजहांपुर बिजली विभाग में लाइनमैन थे। मंगलवार शाम को अनुराग जेल के पास लाइन ठीक कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि लाइन ठीक करने से पहले बिजली बंद की गई थी, लेकिन जानबूझकर उसे फिर से चालू कर दिया गया। इससे अनुराग की मौत हो गयी और उनके साथ मौजूद एक अन्य कर्मचारी करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि अनुराग का मोबाइल और पर्स गायब है। घटना के बाद बिजली विभाग के एसडीओ अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने एसडीओ पर अनुराग के रिश्तेदार के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया। पुलिस ने बीच-बचाव कर एसडीओ को पुलिस चौकी के अंदर भेजा। बताया जा रहा है कि परिवार ने एसडीओ के साथ भी मारपीट की। परिजनों ने मांग की है कि लाइनमैन की पत्नी को नौकरी दी जाए और उनकी 5 साल की बेटी के लिए मुआवजा दिया जाए। उन्होंने मारपीट करने वाले एसडीओ और जेई के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। ससुर ने बताया, दामाद अनुराग की बेटी अविदका का आज जन्मदिन है। उनकी नातिन पहली बार उनके घर जन्मदिन मना रही थी। उन्हें दामाद के आने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें उनकी मौत की खबर मिली। सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हुई है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *