फतेहाबाद की सिटी थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में भिवानी निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भिवानी जिले के गांव मंडाणा निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 हजार रुपए बरामद किए हैं। सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। व्हाट्सएप पर दिया था नौकरी का लालच
एसएचओ के अनुसार ठाकुर बस्ती निवासी युवक अमित ने शिकायत दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने वॉट्सऐप के माध्यम से अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने सिक्योरिटी राशि के नाम पर उससे सात हजार रुपए जमा करवा लिए और बाद में संपर्क तोड़ दिया। पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी। 8 मार्च को किया गया केस दर्ज शिकायत के आधार पर 8 मार्च को बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी हिमांशु को काबू कर लिया और उससे ठगी की रकम में से 5 हजार रुपए बरामद किए।


