किसानों ने ट्रैक्टर चालान पर किया विरोध प्रदर्शन:ARTO कार्यालय पहुंचे, अधिकारी की कार के दस्तावेज भी जांचे

किसानों ने ट्रैक्टर चालान पर किया विरोध प्रदर्शन:ARTO कार्यालय पहुंचे, अधिकारी की कार के दस्तावेज भी जांचे

बुलंदशहर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टरों के चालान और सीजर कार्रवाई के विरोध में एआरटीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन उन्हें परेशान कर रहा है और लगातार ट्रैक्टरों पर चालान व सीजर की कार्रवाई की जा रही है। ट्रैक्टर चालान से नाराज भाकियू कार्यकर्ताओं ने एआरटीओ विकास अस्थाना को कार्यालय के बाहर धूप में बैठाकर विरोध प्रदर्शन किया। किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक एआरटीओ को रोके रखा और जमकर नारेबाजी की। मौके पर भारी संख्या में किसानों की मौजूदगी से माहौल तनावपूर्ण हो गया था। प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी नियमों के नाम पर किसानों को परेशान कर रहे हैं। भाकियू नेताओं ने बताया कि गांवों में किसानों के ट्रैक्टरों को रोककर चालान काटे जा रहे हैं और कई ट्रैक्टर सीज भी किए गए हैं, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों ने एआरटीओ विकास अस्थाना की सरकारी कार के दस्तावेज भी जांचे। किसानों ने आरोप लगाया कि एआरटीओ की कार का प्रदूषण प्रमाण पत्र (पॉल्यूशन सर्टिफिकेट) एक्सपायर हो चुका था। इस पर किसानों ने अधिकारियों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ किसानों पर नियमों का डंडा चलाया जा रहा है, वहीं अधिकारी खुद नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। हंगामे के दौरान एआरटीओ विकास अस्थाना ने स्वीकार किया कि उनकी कार का प्रदूषण प्रमाण पत्र अप्रैल महीने में समाप्त हो गया था। उन्होंने इसे जल्द अपडेट कराने की बात कही। वहीं, उन्होंने ट्रैक्टरों पर की जा रही कार्रवाई को नियमों के अनुरूप बताया। मामले की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। काफी देर तक चली बातचीत और समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शन शांत हो सका।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *