राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाने की बात पर भाजपा के हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सबको है लेकिन वह विरोध तार्किक और मर्यादित होना चाहिए। मंत्री गौतम के ऑडियो विवाद पर पूनिया ने कहा कि उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई है। यह पार्टी की निष्पक्षता को दर्शाता है। दरअसल सतीश पूनिया सीकर में चल रहे भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे। जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में यह बात कही। सतीश पूनिया ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है लेकिन वह विरोध तार्किक और मर्यादित होना चाहिए। राजनीति में शब्दों की गरिमा और आचरण की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता नेताओं को बड़ा बनाती है लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि कोई अपनी मर्यादा ही भूल जाए। मंत्री गौतम के ऑडियो विवाद पर बोलते हुए सतीश पूनिया ने कहा कि मंत्री ने खुद ऑडियो का खंडन करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से ऑडियो एडिट किया गया है। अब इसकी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में पार्टी खुद भी संज्ञान ले रही है। मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना सरकार की निष्पक्षता को दर्शाता है। सतीश पूनिया ने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है जिनके करीब 14 करोड़ सदस्य है। किसी भी संगठन की पहचान केवल भीड़ से नहीं होती बल्कि उसकी विचारधारा, संविधान और कार्य पद्धति उसे मजबूत बनाती है। राजनीति समय के साथ लगातार बदलती रहती है। जनसंघ के दौर में सोशल मीडिया नहीं था लेकिन आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भी नए माध्यम तेजी से राजनीति और जनसंपर्क का हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को भी समय के अनुसार अपडेट रहना जरूरी है। प्रशिक्षण शिविर का अभियान पार्टी के द्वारा करीब 1000 संगठनात्मक जिलों में चलाया जा रहा है। आने वाले समय में अलग-अलग मोर्चों के भी प्रशिक्षण आयोजित होंगे। ताकि सभी पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली के अनुरूप बेहतर तरीके से कार्य कर सके। भाजपा पहले केवल कैडर आधारित पार्टी थी लेकिन आज वह कार्यकर्ता आधारित जन संगठन बन चुकी है। भाजपा का 3 से 303 तक पहुंचने का सफर संगठन शक्ति का सबसे बड़ा उदाहरण है। भारतीय जनता पार्टी 365 दिन काम करने वाली पार्टी है।


