लालगंज थाना क्षेत्र के थाना परिसर में खड़ी पुलिस की सरकारी जीप में बैठकर एक युवक द्वारा रील बनाने का मामला सामने आया है। युवक ने थाने के गेट पर कुर्सी डालकर भी वीडियो शूट किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक पुलिस जीप के अंदर बैठा नजर आ रहा है। इसके बाद वह थाने के मुख्य गेट पर कुर्सी लगाकर ऐसे बैठता दिखता है जैसे वह थाने का मालिक हो। युवक ने इंस्टाग्राम पर खुद को ‘माफिया’ बताया है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है। इस घटना को लालगंज पुलिस के लिए खुले चैलेंज के तौर पर देखा जा रहा है। युवक की हरकतें कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। उसने सरकारी संपत्ति का इस्तेमाल कर अपनी ‘माफियागिरी’ का प्रदर्शन किया है। युवक थाना क्षेत्र के पकड़डाड़ गांव का निवासी बताया जा रहा है। वीडियो में ‘सरकार अजय’ नाम का जिक्र भी किया गया है, जिसके जरिए वह धौंस जमाने की कोशिश कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या क्षेत्र में अब गुंडों का मनोबल बढ़ गया है। सीहोर रुदौली के कुलदीप ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। मामले में दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


