कुशीनगर एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों पर जोर:सलाहकार समिति की बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, एयरपोर्ट के प्रभावी संचालन की मांग

कुशीनगर एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों पर जोर:सलाहकार समिति की बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, एयरपोर्ट के प्रभावी संचालन की मांग

कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को शहर के एक निजी होटल में आयोजित हुई। बैठक में एयरपोर्ट के विकास, नियमित उड़ान संचालन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के अध्यक्ष सांसद विजय कुमार दुबे और उपाध्यक्ष विधायक पीएन पाठक ने अधिकारियों को एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें शुरू कराने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट का निर्माण करीब 22 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद पूरा हुआ और वर्ष 2021 में इसका उद्घाटन हुआ, लेकिन अब तक यहां से नियमित उड़ानों का संचालन शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन स्थल है, इसलिए देश-विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए नियमित उड़ानें बेहद जरूरी हैं। बैठक में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) के कार्य में देरी का मुद्दा भी उठा। सांसद ने एयरपोर्ट डायरेक्टर प्राणेश राय को आईएलएस का कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पेड़ों की कटाई, टावर हटाने और बिजली संबंधी बाधाओं जैसी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि एयरपोर्ट पर पुलिस चौकी की मांग स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आईएलएस स्थापित होने के बाद खराब मौसम और रात के समय भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सकेगा। विधायक पीएन पाठक ने एयरपोर्ट के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से नियमित फीडबैक देने की बात कही, ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके। बैठक में एयरपोर्ट को भविष्य में कार्गो हब के रूप में विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने और एयरलाइंस कंपनियों के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। पुरानी बिल्डिंग को कार्गो संचालन के लिए उपयोग करने का सुझाव दिया गया, जिससे पूर्वांचल, बिहार और नेपाल के किसानों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिल सके। एयरपोर्ट प्रशासन ने जानकारी दी कि फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (एफटीओ) के लिए नॉर्वे और भारतीय कंपनियों ने स्थान की मांग की है और इसके लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बैठक का संचालन अनिल कुमार और निशि गंधा ने संयुक्त रूप से किया, जबकि स्वागत एयरपोर्ट डायरेक्टर प्राणेश राय ने किया। इस दौरान एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल, सीओ संजीव कुमार, पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. प्राण रंजन समेत कई अधिकारी और समिति सदस्य मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *