मथुरा में मिट्टी का टीला गिरा:एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर रूप से घायल

मथुरा में मिट्टी का टीला गिरा:एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर रूप से घायल

मथुरा के फरह क्षेत्र स्थित परखम गांव में सोमवार दोपहर मिट्टी की ढाय गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव की मीरा (45 वर्ष) पत्नी लल्लो और प्रभा पड़ोस की अन्य महिलाओं के साथ गांव से करीब 4 किलोमीटर दूर मिट्टी लेने गई थीं। वे चूल्हा पोतने के लिए मिट्टी निकाल रही थीं, तभी अचानक मिट्टी की ढाय भरभराकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे दोनों महिलाएं उसके नीचे दब गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने तुरंत गांव में सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पास ही गौ ग्राम में खड़ी जेसीबी मशीन को बुलाया गया और उसकी मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को मिट्टी से बाहर निकाला गया। मिट्टी से निकाले जाने पर मीरा की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। वहीं, प्रभा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार सदर अनमोल गर्ग ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। एसएसआई महिपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *