इटावा जिला अस्पताल से चोरी हुआ ई-रिक्शा:घटना CCTV में कैद, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

इटावा जिला अस्पताल से चोरी हुआ ई-रिक्शा:घटना CCTV में कैद, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

इटावा के जिला अस्पताल परिसर से ई-रिक्शा चोरी होने का एक और मामला सामने आया है। इलाज कराने आए एक व्यक्ति का ई-रिक्शा अस्पताल परिसर से चोरी हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, लेकिन फुटेज स्पष्ट न होने के कारण आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, आजाद नगर टीला निवासी आबिद अपने छह वर्षीय भतीजे असद को पेट में संक्रमण की शिकायत के चलते जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उनके साथ बच्चे की मां हासमीन भी मौजूद थीं। बच्चे को भर्ती कराने के बाद दोनों करीब तीन घंटे तक वार्ड में रहे। इलाज के बाद जब वे अस्पताल परिसर में खड़े अपने ई-रिक्शा के पास पहुंचे, तो वह वहां से गायब मिला। ई-रिक्शा नहीं मिलने पर आबिद ने अस्पताल परिसर और आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। बाद में वह सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक ई-रिक्शा ले जाता हुआ दिखाई दिया। हालांकि कैमरों की तस्वीरें स्पष्ट नहीं होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पीड़ित आबिद ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, तो उनकी गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए कि अपराधियों की स्पष्ट पहचान हो सके। उन्होंने चोरी हुए ई-रिक्शा की जल्द बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। गौरतलब है कि जिला अस्पताल परिसर से चोरी की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। इससे पहले भी कई मोटरसाइकिल और साइकिल चोरी होने के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *