गोरखपुर में ईद-उल-अजहा के मौके पर गुरुवार को शहर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त नजर आई। त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में सम्पन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन सुबह से ही अलर्ट मोड में रहा। शहर की प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। नमाज के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी गई। SSP डॉ. कोस्तुभ, ADM सिटी गजेंद्र कुमार और SP सिटी निमिष पाटिल खुद फील्ड में उतरकर लगातार शहर का दौरा करते रहे। अधिकारियों ने अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर रही कड़ी निगरानी नमाज के दौरान मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पुलिस की खास निगरानी रही। कई जगह बैरिकेडिंग कर रास्तों को व्यवस्थित किया गया, ताकि लोगों को आने-जाने में दिक्कत न हो। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिसकर्मी लगातार तैनात रहे। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी लगाया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। ये पुलिसकर्मी भीड़ के बीच रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थे। संवेदनशील इलाकों में पीएसी और स्थानीय पुलिस के जवान लगातार गश्त करते रहे। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम से भी पूरे शहर की स्थिति पर नजर रखी। अफवाह फैलाने वालों पर रही नजर प्रशासन की तरफ से सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक संदेश पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने कहा कि अगर कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। शहर में ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और भाईचारे का संदेश दिया। बाजारों और मोहल्लों में भी त्योहार को लेकर उत्साह दिखाई दिया। पूरे दिन शहर में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा। प्रशासन ने कहा कि पुलिस की सतर्कता और लोगों के सहयोग से त्योहार सकुशल सम्पन्न हुआ। अधिकारियों ने शहरवासियों का सहयोग के लिए आभार जताया और आगे भी इसी तरह शांति बनाए रखने की अपील की। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।


