Dry Socket Cause: दांत निकलवाना वैसे भी किसी के लिए आसान अनुभव नहीं होता। लेकिन असली आफत तब आती है जब दांत निकलने के कुछ दिनों बाद मसूड़े का दर्द ठीक होने की बजाय अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। अगर दांत निकली हुई जगह पर ध्यान से देखने पर सफेद या पीली हड्डी जैसा कुछ नजर आ रहा है और दर्द कान या गले तक फैल रहा है, तो सावधान हो जाइए। मेडिकल भाषा में इस समस्या को Dry Socket (ड्राई सॉकेट) कहा जाता है। की आइए क्लीवलैंड क्लिनिक और मेयो क्लिनिक के आधार पर समझते हैं कि यह समस्या क्या है, क्यों होती है और इससे राहत कैसे पाई जा सकती है।
ड्राई सॉकेट (Dry Socket) आखिर क्या होता है?
मेयो क्लिनिक के मुताबिक, जब डॉक्टर आपका कोई खराब या अकल दाढ़ (Wisdom Tooth) निकालता है, तो उस खाली जगह में कुदरती रूप से खून का थक्का यानी ब्लड क्लॉट (Blood Clot) बनता है। यह थक्का बहुत काम की चीज होता है। यह खाली पड़े घाव को ढकता है और अंदर की नाजुक हड्डी और नसों को हवा, खाने और थूक से बचाकर रखता है। इसी थक्के की वजह से घाव धीरे धीरे भरता है और नई हड्डी व मसूड़ा बनते हैं। ड्राई सॉकेट तब बनता है जब यह खून का थक्का अपनी जगह से हट जाता है, घुल जाता है या ठीक से बन ही नहीं पाता। ऐसा होने पर घाव के अंदर की हड्डी और नसें पूरी तरह से खुली रह जाती हैं। जब भी आप पानी पीते हैं, खाना खाते हैं या हवा मुंह के अंदर जाती है, तो इन खुली नसों में तेज जलन और भयंकर दर्द होता है।
ड्राई सॉकेट होने पर क्या लक्षण दिखाई देते हैं?
- दांत निकलने के 1 से 3 दिनों के भीतर अचानक बहुत तेज दर्द शुरू हो जाता है।
- घाव में हड्डी दिखाई देना।
- दर्द का फैलना।
- मुंह से बदबू आना।
- मुंह में कड़वा स्वाद।
ड्राई सॉकेट होने की मुख्य वजहें क्या हैं?
क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, खून का थक्का हटने के पीछे ये बड़ी वजहें होती हैं;
- थूकना या स्ट्रॉ (Straw) से पीना।
- सिगरेट या बीड़ी पीना।
- बार बार कुल्ला करना।
- इन्फेक्शन या बैक्टीरिया।
- गर्भनिरोधक गोलियां (Birth Control Pills)।
- अगर दाढ़ बहुत गहराई में थी और उसको निकालने में ज्यादा समय लगा, तो भी ड्राई सॉकेट का खतरा बढ़ जाता है।
दर्द होने पर तुरंत क्या इलाज कराएं?
मेयो क्लिनिक के मुताबिक, अगर आपको ड्राई सॉकेट के लक्षण दिख रहे हैं तो घर पर बैठकर सहने की गलती न करें। तुरंत अपने डेंटिस्ट के पास जाएं। डेंटिस्ट इसका इलाज इस तरह करते हैं;
- घाव की सफाई।
- दवा वाली पट्टी (Medicated Dressing)।
- दर्द की दवाएं।
- घर पर धुलाई।
दांत निकलवाने के बाद क्या सावधानियां बरतें?
- दांत निकलने के 24 से 48 घंटे तक गलती से भी जोर से न थूकें और न ही कुल्ला करें।
- कम से कम 3 से 4 दिनों तक सिगरेट, बीड़ी या तंबाकू का सेवन बिल्कुल न करें।
- किसी भी तरह का जूस या पानी पीने के लिए स्ट्रॉ का इस्तेमाल न करें।
- शुरुआती दिनों में सिर्फ दलिया, खिचड़ी, दही या सूप जैसी नरम चीजें ही खाएं।
- 24 घंटे बाद हल्के हाथों से गुनगुने पानी में थोड़ा नमक मिलाकर मुंह में रोककर रखें और धीरे से गिरा दें।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

