रामपुर में तेज आंधी-ठंडी हवाओं के बीच बूंदाबांदी:मौसम बदलने से गर्मी से राहत, बिजली सप्लाई बंद

रामपुर में तेज आंधी-ठंडी हवाओं के बीच बूंदाबांदी:मौसम बदलने से गर्मी से राहत, बिजली सप्लाई बंद

रामपुर में गुरुवार रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज और ठंडी हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छा गए। बिजली चमकने और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम बदलते ही विद्युत विभाग अलर्ट मोड पर आ गया। तेज आंधी और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए विभाग ने एहतियातन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी। विभाग का कहना है कि यह कदम बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों में फाल्ट या किसी संभावित हादसे को रोकने के लिए उठाया गया। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तेज हवाओं के दौरान बिजली व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सप्लाई रोकी गई है। उन्होंने कहा कि मौसम सामान्य होते ही चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। पिछले कई दिनों से जिले में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान थे। दोपहर के समय सड़कें सूनी दिखाई दे रही थीं और लोग घरों में रहने को मजबूर थे। गुरुवार रात मौसम में आई ठंडक से लोगों को बड़ी राहत मिली। कई इलाकों में बच्चे और बुजुर्ग घरों से बाहर निकलकर सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए। हालांकि बिजली आपूर्ति बंद होने से लोगों को कुछ दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। कई क्षेत्रों में इनवर्टर जवाब दे गए और पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। इसके बावजूद लोगों का कहना है कि मौसम में आई ठंडक ने गर्मी से काफी राहत पहुंचाई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *