चित्रकूट में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कार्य की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने जनपद में किसानों के पंजीकरण की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में कुल 1,37,349 फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य निर्धारित है। इसके मुकाबले अब तक 93,993 रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री के शेष कार्यों को हर हाल में 15 मार्च तक शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त न होने पर संबंधित लेखपालों और उत्तरदायी कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक को यह भी निर्देश दिया कि पोर्टल या पंजीकरण प्रक्रिया में आ रही किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। इससे डेटा फीडिंग के कार्य में कोई बाधा नहीं आएगी। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चन्द्र शेखर, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और लेखपाल उपस्थित रहे।


