460 करोड़ के लोन से बनेगी देवली-नसीराबाद फोरलेन:आरएसआरडीसी की 131वीं बोर्ड बैठक में डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने दी मंजरी

460 करोड़ के लोन से बनेगी देवली-नसीराबाद फोरलेन:आरएसआरडीसी की 131वीं बोर्ड बैठक में डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने दी मंजरी

नसीराबाद- सरवाड़- केकड़ी- देवली सड़क (SH-26) के अपग्रेडेशन, केकड़ी बाइपास निर्माण और सड़क को 2 लेन से 4 लेन करने के लिए 460 करोड़ के ऋण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। यह मंजूरी रविवार को उप मुख्यमंत्री एवं राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (RSRDC) की अध्यक्ष दीया कुमारी ने दी है। आरएसआरडीसी की 131वीं बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करते हुए एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण के लिए 460 करोड़ के ऋण प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में अन्य कुछ जिलों के लिए भी लोन के प्रस्ताव को मंजूर किया है। इससे देवली शहर समेत टोंक जिले के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 की बैलेंस शीट को अंतिम रूप देने सहित कुल 33 नियमित एवं 2 अतिरिक्त प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया। उप मुख्यमंत्री ने आरएसआरडीसी सभागार जयपुर में आयोजित बैठक के दौरान कहा कि सड़क परियोजनाओं के निर्माण में उपयोगिता को प्राथमिकता दी जाए, जिससे परियोजनाएं आमजन के लिए अधिक लाभकारी एवं उपयोगी सिद्ध हों। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, परिवहन विभाग के प्रमुख शासन सचिव भवानी सिंह देथा, वित्त विभाग की शासन सचिव टीना सोनी, सार्वजनिक निर्माण विभाग के शासन सचिव डी.आर. मेघवाल, सीई (भवन) सत्येन्द्र सिंह, आरएसआरडीसी के प्रबंध निदेशक सुनील जयसिंह, कंपनी सचिव तथा आरएसआरडीसी के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सवा दो घंटे का सफर डेढ़ घंटे में होगा अब लोन का प्रस्ताव मंजूर होते ही देवली से नसीराबाद तक करीब 93.6 किमी दूरी के इस टू लेन रोड के फोरलेन रोड बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। यह रोड फोरलेन बनने के बाद आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। करीब सवा दो घंटे का सफर डेढ़ घंटे का रह जाएगा। इससे देवली समेत टोंक, कोटा आदि जिलों के इस रूट पर सफर करने वालो को काफी सुगम रास्ता मिलेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *