बलिया में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर एकत्र होकर नारेबाजी की और अपना आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने ‘प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारे लगाए। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित एक मांग पत्र जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को सौंपा गया। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सभी नागरिकों के लिए चिंता करते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल की गई भाषा को ‘अनैतिक’ और ‘असहनीय’ बताया। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से सवाल किया कि आपत्ति होने पर विरोध के कई तरीके हैं, लेकिन किसी को गाली देने का अधिकार नहीं है, खासकर ऐसे व्यक्ति को जिसे पूरा विश्व सम्मान से देखता हो। उन्होंने कहा कि सभी मातृशक्तियां ऐसे सांसद को पद से त्याग दिलवाने का संकल्प लेती हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा के प्रयोग की कड़ी निंदा की। उन्होंने मांग की कि सपा सांसद को माफी मांगनी चाहिए और ऐसे लोगों को बर्खास्त किया जाना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कृष्णा पाण्डेय, संध्या पाण्डेय, विजया लक्ष्मी सिंह, मंडल अध्यक्ष सोनी तिवारी, श्वेता राय, रूपा सिंह, मीरा सिंह, सुशीला देवी, गीता वर्मा और मीरा पटेल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


