दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट किए जाने के मामले में कम से कम 10 प्राथमिकी दर्ज की हैं और पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाया।
अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रदर्शनकारियों पर कथित हमलों से जुड़े वीडियो और पोस्ट प्रसारित होने के बाद 11 से 14 अक्टूबर के बीच कनॉट प्लेस और कमला मार्केट थानों में ये मामले दर्ज किए गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दो अलग-अलग मामलों में कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया हैंडल के जरिए सामने आई एक घटना के संबंध में 13 अक्टूबर को कनॉट प्लेस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इस मामले में गौरव को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके कथित साथियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग एक प्रदर्शनकारी के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। उनमें से एक व्यक्ति को यह धमकी देते हुए भी सुना गया कि प्रधानमंत्री या पुलिस के खिलाफ बोलने वाले किसी भी व्यक्ति की पिटाई की जाएगी।
वहीं, एक अन्य मामले में, 11 अक्टूबर को कमला मार्केट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रदर्शनकारियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट करते हुए कुछ लोगों का वीडियो वायरल होने के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए कथित तौर पर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मामलों की सूची में 13 और 14 अक्टूबर को कनॉट प्लेस थाने में दर्ज की गई कई अन्य प्राथमिकी भी शामिल हैं।

