जयपुर में पब्लिक टॉयलेट में मिला युवक का शव:नशे के ओवर डोज से हुई मौत, लोगों ने घेरा थाना, तस्करों पर कार्रवाई की मांग

जयपुर में पब्लिक टॉयलेट में मिला युवक का शव:नशे के ओवर डोज से हुई मौत, लोगों ने घेरा थाना, तस्करों पर कार्रवाई की मांग

नशे के खिलाफ ट्रांसपोर्ट नगर थाने पर स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव किया। शुक्रवार शाम 7 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन रात 11 बजे तक जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया- आज ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर पब्लिक टॉयलेट में एक कुलदीप गुर्जर (28) निवासी दौसा का शव मिला। ये घटना करीब शाम 4 बजे की है। जब युवक टॉयलेट में गया तो काफी समय तक बाहर नहीं निकला। तब टॉयलेट में कार्यरत स्टाफ ने टैक्सी ड्राइवरों की मदद से गेट तोड़कर निकला। मौत से पहले ये युवक करीब डेढ़ घंटे बाथरूम में बंद रहा। युवक जब टॉयलेट पहुंचा था तब नशे में नहीं था। लेकिन टॉयलेट में जाकर ही युवक नशा करने लगा। युवक एवील और स्मैक का इंजेक्शन अपनी नसों में लगाई। नशे की ओवरडोज से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मामले से नाराज लोगों ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर लोगों ने आरोप लगाया कि थाने से कुछ ही दूरी पर खुले में आसानी से नशे की सामग्री खरीदी और बेची जा रही है। लोगों ने स्थानीय महिला अंगुरी सांसी और कालू सांसी पर नशे की खेप बेचने का आरोप लगाया। लोगों ने थानाधिकारी से इस मामले में बात नहीं करके उच्च अधिकारियों से बात पर अड़े रहे। करीब साढ़े 9 बजे एसीपी लक्ष्मी सुथार से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का ज्ञापन दिया। साथ ही कार्रवाई के लिए सात दिन का समय दिया, नहीं तो उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। स्थानीय निवासी त्रिलोक मीणा ने बताया- नशे की बिक्री को लेकर थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। नशा बेचने वालों के नाम भी हम कई बार दे चुके है। हमारी बस एक मांग है कि नशे की बिक्री बंद होनी चाहिए। स्थानीय निवासी बोले- जवाहर नगर के टीला नम्बर 0 से लेकर 7 तक ही नहीं बल्कि पूरे जयपुर में नशे का बहुत बड़ा व्यापार चल रहा है। सांसी लोग यहां नशे की बिक्री कर रहे है। नशे के कारण 25 साल, 30 साल का युवा मौत के घाट उतर रहा है। ये पिछले एक साल में 8वीं या दसवीं घटना है। ऐसे में नशे से मौत के खिलाफ ये आक्रोश है। लोगों ने यहां तक आरोप लगाए कि पूरे समाज को पता है जयपुर में बड़े स्तर पर नशा बिक रहा है। और ऐसा नहीं है कि नशा बिक रहा है और प्रशासन को पता नहीं है। इसका पता बीट अधिकारी से लेकर प्रशासन के हर अधिकारी को है। लेकिन कहीं ना कहीं कार्रवाई को लेकर लापरवाही बरती जाती है। जिसका परिणाम देखने को मिलता है कि हर 5-6 दिन में नशे के कारण किसी की डेड बॉडी देखने को मिलती है। आज भी ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में बस डीपो के पास शौचालय में युवक की डेड बॉडी मिली। युवा शक्ति राजस्थान के प्रदेश महामंत्री गौरी शंकर ने कहा कि यहीं सबसे बड़ी विड़ंबना है कि ठोस कार्रवाई के लिए हमें थाने का घेराव करना पड़ रहा है। केवल ट्रांसपोर्ट नगर में ही नहीं जयपुर शहर में नशे का व्यापार चरम पर है। जिस तरीके से गुर्जर समाज का एक बच्चा जिसका नाम कुलदीप है उसकी नशे से मौत हो गई। आंधी धोलाई पर उसका ससुराल है और ससुराल वाले ही उसकी डेड बॉडी लेकर गए है। नशे में हेवी डोज के कारण उसकी मौत हो गई। युवक की इस मौत से मन कांप गया। नशे के कारण हमारी बहन-बेटिया विधवा हो रही है। उन्होंने नशे को लेकर सवाल किया कि कच्ची बस्तियों को बार-बार क्यों टार्गेट किया जा रहा है। मिली भगत से कच्ची बस्तियों में नशे की बिक्री हो रही है। बात सरकारों की नहीं है नशे का व्यापार लंबे समय से चल रहा है। ये सब हम सबके लिए चिंता का विषय है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि मृतक कुलदीप गुर्जर निवासी बनेठा, दौसा नशे का आदी था। उसके चाचा उसे नशे छुड़वाने को लेकर दवाई दिलवाने ही लाए थे। इस दौरान युवक मौका देखकर उनसे साथ छुड़ाकर अलग हो गया। युवक का शव ट्रांसपोर्ट नगर पब्लिक टॉयलेट में मिला था। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया है। मामले में मर्ग दर्ज कर जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *