लापता युवक का शव बेरखेड़ा जंगल में मिला:स्योहारा में परिवार में कोहराम, दो आरोपी गिरफ्तार

लापता युवक का शव बेरखेड़ा जंगल में मिला:स्योहारा में परिवार में कोहराम, दो आरोपी गिरफ्तार

बिजनौर के स्योहारा क्षेत्र के ग्राम बेरखेड़ा के जंगलों में बुधवार सुबह एक लापता युवक का शव बरामद हुआ। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय मनोज कुमार उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो ग्राम निवासी सुरेंद्र सिंह का पुत्र था। मनोज कुमार 17 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10 बजे अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से स्योहारा के लिए निकला था, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिल सका था। जांच के दौरान सामने आया कि युवक को आखिरी बार ठाकुरद्वारा रोड स्थित रामगंगा पुल के पास एक परचून की दुकान पर देखा गया था। उस समय उसके साथ दो अज्ञात युवक भी मौजूद थे, जिन्हें वह अपना दोस्त बता रहा था। बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक ग्राम वजीरपुर जागीर के निवासी थे। परिजनों ने पहले गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बुधवार, 23 अप्रैल की सुबह बेरखेड़ा के जंगलों में मनोज कुमार का शव बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शरीफपुर निवासी अर्जुन पुत्र पवन और खुर्द नवादा निवासी नितिन पुत्र नन्हे शामिल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *