मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के साधुनगर में एक 22 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना का खुलासा तब हुआ जब घर से दुर्गंध आने लगी, जिससे आशंका है कि युवती की मौत करीब दो दिन पहले हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान तरुणा के रूप में हुई है, जो साधुनगर में किराए के मकान में अकेली रहती थी। पुलिस के अनुसार, तरुणा ने करीब डेढ़ साल पहले मंगलपुरी निवासी ईशान से प्रेम विवाह किया था। हालांकि, शादी के कुछ महीनों बाद ही उनके रिश्तों में दूरियां आ गईं और वे लगभग छह महीने से अलग रह रहे थे। पति से अलग होने के बाद तरुणा ने कुछ समय तक दिल्ली में नौकरी की। लगभग छह महीने पहले वह मेरठ लौट आई थी और साधुनगर में अकेले रह रही थी। परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी। घटना का पता तब चला जब मृतका के पिता दीपक दो दिनों से बेटी से संपर्क न होने पर उसके घर पहुंचे। दरवाजा बंद होने और कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वे लौट गए। अगले दिन जब वे दोबारा घर पहुंचे, तो अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कंकरखेड़ा पुलिस ने मुख्य दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया। कमरे का दरवाजा तोड़ने के बाद पुलिस ने तरुणा का शव कमरे के प्रवेश द्वार के ऊपर बने जंगले से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ पाया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


