Cyclone Arnab के असर से Chhattisgarh में तेज बारिश, रायपुर समेत 12 जिलों में स्कूल बंद

Cyclone Arnab के असर से Chhattisgarh में तेज बारिश, रायपुर समेत 12 जिलों में स्कूल बंद

चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत राज्य के कई जिलों में बुधवार को बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं जिसके मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन बृहस्पतिवार को कई जिलों में स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह चक्रवात बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश के तट से होकर गुजरा।

अधिकारियों के मुताबिक सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और राजनांदगांव समेत राज्य के कई जिलों में बुधवार को स्कूल बंद रहे जबकि रायपुर, नारायणपुर, महासमुंद, बिलासपुर, राजनांदगांव, कांकेर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सूरजपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा और धमतरी जिलों में बृहस्पतिवार को सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। रायपुर के जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर मौसम संबंधी चेतावनियां जारी की हैं। जिले में संभावित बारिश, तेज हवाओं और अन्य प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों तथा आम लोगों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाना आवश्यक है।

आदेश के अनुसार, रायपुर जिले की सीमा में संचालित सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य संबंधित शिक्षण संस्थानों में 29 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अब तक खराब मौसम के कारण किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। राज्य सरकार ने भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सभी जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही, जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए राहत शिविरों को चौबीसों घंटे चालू रखने, चिकित्सा सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रखने और पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया है। सरकार ने किसानों के लिए मौसम आधारित कृषि परामर्श भी जारी किया है जिसमें चेतावनी दी गई है कि 28 अक्टूबर से एक नवंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से लेकर बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को बस्तर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, कोरिया और कोरबा समेत उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

इसके अलावा, राज्य के कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है जिसमें मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद और रायपुर शामिल हैं। मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि 30 अक्टूबर से एक नवंबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे धान, मक्का और तिलहन की पक चुकी फसलों की कटाई कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखें। किसानों से यह भी कहा गया है कि वे मौसम में सुधार होने तक गेहूं, चना और अन्य दलहनी फसलों जैसी रबी फसलों की बुवाई टाल दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *