पलवल जिले में चोरी की चार वारदातें सामने आई हैं। चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर, बैंक के अंदर से, और चलते ऑटो में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिव कॉलोनी निवासी अमन मंगला ने शिकायत दी है कि उसकी बस अड्डा रोड पर हार्डवेयर की दुकान है। सुबह दुकान खोलने पर गल्ला खुला मिला। चोरों ने रात में दुकान में सेंधमारी कर गल्ले से लगभग छह हजार रुपए, पांच किलो कॉपर की तार और 8-10 डिब्बे हैंडल लॉक चुरा लिए। वारदात को छिपाने के लिए चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। बैंक में थैली काटकर चुराए 50 हजार सापनकी गांव निवासी ईसा ने बताया कि वह हथीन के स्टेट बैंक में अपना लोन की किस्त जमा करने गया था। जब वह बैंक में पैसे जमा करने का फॉर्म भर रहा था, तभी उनके पास खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने नुकीली चीज से उनकी प्लास्टिक की पन्नी काट दी और उसमें रखे 50 हजार रुपए निकाल लिए। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर पैसे निकालकर अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दे रहा है। चलते ऑटो में महिला के बैग से चोरी गुरुग्राम के नाहरपुर निवासी अनीता ने शिकायत में कहा है कि वह पलवल में अपने भांजे की शादी में आई थीं। शादी से वापस अपने गांव जाने के लिए उन्होंने बस स्टैंड से एक ऑटो लिया। चालक ने उनका बैग गाड़ी की छत पर रख दिया। घर पहुंचने पर अनीता ने देखा कि बैग की चेन खुली हुई थी और उसमें से 21 ग्राम की सोने की चेन, 10 ग्राम के सोने के कुंडल, 250 ग्राम की चांदी की पायल और 18 हजार रुपए नकद गायब थे।


